प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश करेंगे उद्घाटन, जेपीयू कुलपति होंगे मुख्य अतिथि
इप्टा छपरा की प्रस्तुति ‘रश्मिरथी’ और ‘भीष्म एक योद्धा’ होंगे मुख्य आकर्षण
छपरा, 2 जून। सारण प्रमंडल के दिवंगत रंग पुरोधाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा रंगकर्म की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 9 जून 2026 (मंगलवार) को छपरा के ऐतिहासिक भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में ‘रंगकर्मी बिपिन बिहारी श्रीवास्तव नाट्योत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘रंगकर्मी, छपरा’ द्वारा इप्टा छपरा, नाट्योत्सव आयोजन समिति गोपालगंज के सहयोग से आयोजित इस रंग श्रद्धांजलि के कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा, रंग श्रद्धांजलि, नाट्य प्रस्तुतियां तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
न्यायपालिका, शिक्षा और संस्कृति जगत की प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
नाट्योत्सव का उद्घाटन सारण के माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति डॉ. प्रमेन्द्र कुमार बाजपेयी होंगे।
विशिष्ट अतिथियों में जिला विधि मंडल के अध्यक्ष श्री रवि रंजन प्रसाद सिंह, वरिष्ठ रंगकर्मी श्री पशुपति नाथ अरुण, वरिष्ठ पत्रकार एवं रंगकर्मी डॉ. लालबाबू यादव, एसीजेएम-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री राजीव कुमार तथा मुख्य लैड्स (सारण) श्री पूर्णेन्दु रंजन शामिल होंगे। कार्यक्रम के प्रधान संरक्षक विधान पार्षद एवं शिक्षाविद् प्रो. (डॉ.) वीरेन्द्र नारायण यादव हैं।
श्रद्धांजलि सभा से होगी शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 4 बजे श्रद्धांजलि सभा के साथ होगा, जिसमें स्वर्गीय बिपिन बिहारी श्रीवास्तव सहित सारण प्रमंडल के दिवंगत रंगकर्मियों एवं सांस्कृतिक पुरोधाओं को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके उपरांत प्रख्यात लोकगायक रामेश्वर गोप द्वारा निर्गुण गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
‘रश्मिरथी’ का मंचन देगा शांति और मानवता का संदेश
सायं 6 बजे से 9 बजे तक आयोजित रंग श्रद्धांजलि एवं उद्घाटन सत्र के दौरान बाल कलाकार आराध्या अभिनव की नृत्य प्रस्तुति होगी। इसके बाद इप्टा, छपरा की चौथी प्रस्तुति के रूप में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ का मंचन किया जाएगा।
युद्ध के विरुद्ध शांति, अमन और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाले इस नाट्य मंचन का संगीत कंचन बाला एवं टुन्नू तन्हा ने तैयार किया है, जबकि नाट्यांतरण एवं निर्देशन डॉ. अमित रंजन द्वारा किया गया है। नाटक में डॉ. मनोरंजन पाठक (कर्ण), डॉ. अमित रंजन (कृष्ण) तथा कंचन बाला (कुंती) प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘भीष्म एक योद्धा’ का होगा विशेष मंचन
नाट्योत्सव का दूसरा प्रमुख आकर्षण बिहार सिनेमा एवं सांस्कृतिक समिति, गोपालगंज की प्रस्तुति ‘भीष्म एक योद्धा : न भूतो न भविष्यति’ होगी। धनंजय चौबे द्वारा लिखित एवं अनिकेत मिश्रा द्वारा निर्देशित इस नाटक में धनंजय चौबे (भीष्म), अनूप शंभूनाथ (कृष्ण) तथा कंचन बाला (गंगा) सहित कई कलाकार महाभारतकालीन इतिहास को मंच पर जीवंत करेंगे।
नृत्य और गीत संगीत से भी दी जाएगी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रिया राज की नृत्य प्रस्तुति तथा इप्टा, छपरा द्वारा पारंपरिक ‘गीत गवनई’ का विशेष आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कला प्रेमियों से सपरिवार शामिल होने की अपील
कार्यक्रम के प्रधान संरक्षक प्रो. (डॉ.) वीरेन्द्र नारायण यादव तथा संयोजक डॉ. अमित रंजन ने सारण प्रमंडल के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवियों, साहित्य एवं कला प्रेमियों तथा आम दर्शकों से इस सांस्कृतिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिवंगत रंग पुरोधाओं को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले।
मीडिया संपर्क
– सुरेन्द्र नाथ त्रिपाठी – 9234293572
– सुधीर कुमार श्रीवास्तव – 9973547338
– शैलेन्द्र कुमार शाही – 9835011581
– अनिकेत मिश्रा – 9702491461
– डॉ. प्रशांत चेतन – 8809843410
– धनंजय चौबे – 9711478010



