पटना
बिहार में एक तरफ सरकार और मंत्री लगातार माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का दावा करते दिख रहे हैं तो दूसरी तरफ माफियाओं में कानून का भय बिल्कुल भी नहीं दिख रहा। राजधानी पटना में जमीनी विवाद की वजह से कई हिंसक वारदात सामने आ चुकी है। इसी कड़ी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है राजधानी पटना से जहां पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताया है और पुलिस अधिकारी समेत उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा से जान माल की रक्षा की गुहार लगाई है।
मामला राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के खेतान मार्केट के समीप बाप्टिस्ट चर्च की है जहां चर्च परिसर में एक विद्यालय भी संचालित होता है। मामले में चर्च के फादर थॉमस ने आरोप लगाया कि चर्च की जमीन पर भू-माफियाओं ने जबरन कब्ज़ा जमा रखा है। इस मामले में स्थानीय प्रशासन से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक कई बार न्याय की गुहार लगाई लेकिन अब किसी ने नहीं सुनी। चर्च के फादर ने कहा कि उन्होंने पटना जिलाधिकारी समेत भूमि एवं राजस्व सुधर मंत्री विजय सिन्हा तक को लिखित में आवेदन दे कर न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने कहा कि पीरबहोर थाना में शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं की गई वहीं भू-माफिया बेख़ौफ़ हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य की सरकार और सरकार में मंत्री माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात करते हैं तो दूसरी तरफ राजधानी पटना में सरकार की नाक के नीचे एक चर्च की जमीन पर भू-माफियाओं ने कब्जा जमा रखा है और बार बार न्याय की गुहार लगाने के बावजूद अब तक सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन समेत उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।



