छपरा 03 जनवरी 2026। पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ० कुमार आशीष के निर्देशन में जिले में महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सारण पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गरखा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गरखा थाना क्षेत्र अंतर्गत गरखा प्रखंड में Women Empowerment कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जीविका दीदियों की सक्रिय और सराहनीय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष एवं उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों ने महिला-केंद्रित पुलिसिंग की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अभया ब्रिगेड, “आवाज़ दो” अभियान, बाल विवाह निषेध, नशा मुक्ति, महिला हेल्प डेस्क तथा आपातकालीन सेवा डायल-112 (24×7) के संबंध में महिलाओं को विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना में महिलाएँ बिना किसी संकोच के “आवाज़ दो” हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर संपर्क कर सकती हैं। पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने, कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।
सारण पुलिस ने दोहराया कि महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर और प्रभावी रूप से संचालित किए जाएंगे।



