दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट शुरू होने और यहां से दिल्ली मुंबई और बंगलौर जैसे महानगरों के लिए सीधी फ्लाइट सेवा मिलने से क्षेत्र के लोग काफी खुश थे। लेकिन अक्सर कुछ कारणों से फ्लाइट रद्द कर दिए जाने से यात्रियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ती है। ऐसा ही कुछ हुआ शुक्रवार को कब दरभंगा से मुंबई जाने वाली यात्री तब रद्द कर दी गई जब लगभग सभी यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। मुंबई की फ्लाइट रद्द किए जाने की सूचना पर यात्रियों ने जम कर हंगामा किया लेकिन एयरपोर्ट प्रबंधन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
अंत में यात्री थक हार कर अपने घरों को लौट गए। यात्रियों ने बताया कि वे लोग महीनों पहले टिकट बुक कर अपनी यात्रा प्लान करते हैं और दरभंगा समेत दूसरे जिलों से गाड़ियां बुक कर एयरपोर्ट आते हैं। यहां आने के बाद पता चलता है कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। वहीं मामले में स्पाइसजेट के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 9:30 बजे मुंबई से दरभंगा पहुंचने वाली विमान किसी कारण से रद्द कर दी गई इसी वजह से दरभंगा से मुंबई की फ्लाइट भी रद्द की जाती है।
बता दें कि स्पाइसजेट की दरभंगा से मुंबई की फ्लाइट लगातार दूसरे दिन रद्द कर दी गई जिससे यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली। वहीं एक जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम दिल्ली से दरभंगा की इंडिगो फ्लाइट रद्द किए जाने के कारण यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर ही धरना पर बैठ गए थे। बताया जाता है कि पहले बारिश और दिल्ली एयरपोर्ट पर जलजमाव की वजह से फ्लाइट दो घंटे देर की गई फिर यात्रियों को विमान में बैठा दिया गया। फिर आधे घंटे बाद फ्लाइट रद्द करने की घोषणा करते हुए यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा गया जिसके बाद यात्री धरना पर बैठ गए थे।