HomeNationalग्वालियर-बेंगलुरु के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा शुरू: 4 राज्यों को मिलेगी...

ग्वालियर-बेंगलुरु के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा शुरू: 4 राज्यों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

ग्वालियर/नई दिल्ली, 26 जून 2025: मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज ग्वालियर से सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु के लिए एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस ट्रेन के शुरू होने से इन चारों राज्यों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।

रेल भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन ग्वालियर, गुना, भोपाल सहित मध्य प्रदेश के उन सभी क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद होगी, जहाँ से बड़ी संख्या में लोग बेंगलुरु जाते हैं।

मध्य प्रदेश में रेलवे का ऐतिहासिक विकास: केंद्रीय रेल मंत्री

केंद्रीय रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में रेलवे के क्षेत्र में हुई ऐतिहासिक प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक दशक पहले जहाँ राज्य को लगभग ₹600 करोड़ का रेल बजट मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर ₹14,745 करोड़ हो गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मध्य प्रदेश में 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।

श्री वैष्णव ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में राज्य में 2,651 किलोमीटर नई रेल पटरियाँ बिछाई गई हैं, जो डेनमार्क जैसे देश के कुल रेल नेटवर्क से भी अधिक है। इसके अलावा, राज्य में 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है, जिनमें ग्वालियर स्टेशन का विकास एक विशेष वास्तुकला के साथ किया जा रहा है।

नई परियोजनाओं से बदलेगा मध्य प्रदेश का रेल परिदृश्य
श्री वैष्णव ने घोषणा की कि ग्वालियर और आगरा के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें शामिल हैं:

* मनमाड-इंदौर नई रेललाइन (309 किमी): ₹18,036 करोड़ की लागत से
* भुसावल-खंडवा तीसरी और चौथी लाइन: ₹3,514 करोड़ की लागत से
* मानिकपुर-प्रयागराज तीसरी लाइन: ₹1,640 करोड़ की लागत से
* रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन: ₹1,018 करोड़ की लागत से

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य में ₹24,000 करोड़ की रेल परियोजनाएँ स्वीकृत की गई हैं, जो मध्य प्रदेश के रेल मानचित्र को पूरी तरह बदल देंगी।

सिंहस्थ कुंभ की तैयारियां और उज्जैन स्टेशन का पुनर्विकास

सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि उज्जैन स्टेशन के पुनर्विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार है। स्टेशन पर कार्य सिंहस्थ आयोजन के बाद शुरू किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। उज्जैन के साथ ही इंदौर सहित आसपास के अन्य स्टेशनों पर भी कार्य तेजी से चल रहा है।
ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस का समय और स्टॉपेज
गाड़ी संख्या 11086 ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 15:00 बजे ग्वालियर से प्रस्थान करेगी और नागपुर, काचेगुड़ा, धर्मावरम होते हुए रविवार सुबह 07:35 बजे सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में, गाड़ी संख्या 11085 प्रत्येक रविवार को शाम 15:50 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर मंगलवार को सुबह 10:25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।

यह ट्रेन शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, बीना, भोपाल, बैतूल, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, काजीपेट, काचेगुड़ा, महबूबनगर, गडवाल, कुरनूल सिटी, ढोन, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहांका स्टेशनों पर रुकेगी।

इस साप्ताहिक ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें चार सेकंड सिटिंग, चार तृतीय वातानुकूलित, तीन तृतीय वातानुकूलित इकोनॉमी, दो द्वितीय वातानुकूलित तथा शेष स्लीपर श्रेणी के कोच शामिल हैं।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय संचार तथा उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारीगण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम से मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मौजूद जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा आमजन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर सहभागी बने।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Lab test: Connector lab verification [lab-7b30de4d6f0047feac520c4dcdb17278]. [lab-7b30de4d6f0047feac520c4dcdb17278]

Lab test: Connector lab verification [lab-b6dc86711a294e18bb6bdbb4ab020aed]. [lab-b6dc86711a294e18bb6bdbb4ab020aed]