बकरियों और भेड़ों का कारोबार भी तेज, 25 नवंबर को 133 घोड़े और 86 बकरी-भेड़ बिके; पशुओं के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था
सारण, 26 नवंबर 2026। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में पशु मेला पूरे पारंपरिक वैभव और आकर्षण के साथ गुलजार है। मेले में घोड़ों की टाप और पशु-पक्षियों की चहचहाहट के बीच खरीद-बिक्री का सिलसिला लगातार जारी है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पशुपालकों, कारोबारियों और पशु प्रेमियों की मौजूदगी ने मेले की रौनक बढ़ा दी है।
पशुपालन विभाग की ओर से जारी 25 नवंबर के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, मेले में अब तक कुल 1,585 घोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई है। इनमें से 327 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है। खास बात यह है कि अकेले 25 नवंबर को 133 घोड़ों का कारोबार हुआ। घोड़ों की कीमत 85 हजार से लेकर 1 लाख 85 हजार रुपये तक दर्ज की गई है।
बकरी-भेड़ के कारोबार में भी तेजी
घोड़ों के साथ बकरी और भेड़ का बाजार भी खरीदारों को आकर्षित कर रहा है। मेले में अब तक इनकी कुल उपस्थिति 372 दर्ज की गई है, जबकि 177 की बिक्री हो चुकी है। 25 नवंबर को ही 86 बकरी एवं भेड़ की खरीद-बिक्री हुई। इनकी कीमत न्यूनतम 3,500 रुपये से अधिकतम 37,000 रुपये तक रही।
इसके अलावा मेले में 15 गाय, 7 बैल और 5 भैंसों की उपस्थिति दर्ज की गई है। वहीं, 156 कुत्ते भी मेले में पहुंचे हैं। पशुओं की विविधता मेले के पारंपरिक पशु व्यापारिक स्वरूप को जीवंत बनाए हुए है।
पशुओं के इलाज के लिए विशेष इंतजाम
पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर पशुपालन विभाग ने चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। विभागीय प्रतिवेदन के मुताबिक, 25 नवंबर को 7 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक इस व्यवस्था के तहत कुल 35 पशुओं को चिकित्सा सुविधा दी गई है।
वहीं, सोनपुर स्थित सारण शिविर के माध्यम से 25 नवंबर को 49 पशुओं को चिकित्सा संबंधी सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस शिविर के जरिए अब तक कुल 132 पशुओं को सेवाएं दी जा चुकी हैं। दोनों व्यवस्थाओं को मिलाकर अब तक कुल 167 चिकित्सा सेवाएं दर्ज की गई हैं।
जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों एवं व्यापारियों की सुविधा के साथ-साथ मेले में आए पशुओं के स्वास्थ्य और देखभाल के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत को समेटे हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एक बार फिर अपनी विशिष्ट पहचान के अनुरूप देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित कर रहा है। पशु बाजार की बढ़ती गतिविधियां इस बात की गवाही दे रही हैं कि आधुनिकता के दौर में भी सोनपुर मेले की पारंपरिक पहचान और पशु व्यापार का महत्व बरकरार है।



