छपरा, 31 मई 2026। सारण जिले के अवतारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिया कमालपुर गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को मठिया कमालपुर गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद करीब एक दर्जन लोगों ने पिंटू कुमार साह पर लाठी-डंडा, लोहे के रॉड, पाइप एवं अन्य हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिंटू कुमार साह को परिजनों द्वारा तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर अवतारनगर थाना कांड संख्या 177/26 दिनांक 22 मई 2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में कांड के मुख्य नामजद अभियुक्त राहुल महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल महतो, पिता अर्जुन महतो, निवासी मठिया कमालपुर, थाना अवतारनगर, जिला सारण के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में अवतारनगर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
सारण पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



