छपरा। सारण जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मद्यनिषेध इकाई, बिहार, पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गरखा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की। सूचना में बताया गया था कि पिंटू यादव एवं बबलू सिंह द्वारा ट्रक के माध्यम से विदेशी शराब की बड़ी खेप गरखा थाना क्षेत्र में लाई जा रही है, जिसका मुख्य प्राप्तकर्ता पंकज सिंह है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ग्राम वाजितपुर स्थित पंकज सिंह के हाता पर पहुँची, जहाँ 10–15 लोगों को ट्रक से शराब की पेटियाँ उतारकर चारपहिया वाहनों में लोड करते देखा गया। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। इसके बाद विधिवत तलाशी में ट्रक के भीतर बनाए गए तहखाने से छिपाकर रखी गई शराब की पेटियाँ बरामद की गईं। मौके से पिकअप, कार, ट्रक एवं मोटरसाइकिल सहित कई वाहन जप्त किए गए। साथ ही पंकज सिंह की दुकान की तलाशी के दौरान अवैध हथियार भी बरामद हुए।
इस मामले में सोनपुर थाना क्षेत्र के लालू यादव चौक से बबलू सिंह, पिता–स्वर्गीय सुदर्शन सिंह, निवासी–गरखा, थाना–गरखा, जिला–सारण को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें गरखा थाना कांड संख्या–230/23 (दिनांक 05.05.2023), धारा–30(ए)/41/36 बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा गरखा थाना कांड संख्या–140/19 (दिनांक 18.08.2019), धारा–414 भा.द.वि. एवं 30(ए) बिहार उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2016 के तहत मामले दर्ज हैं। अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है तथा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक की जांच जारी है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 2593.08 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 02 पिस्टल, 02 देशी कट्टा, 01 मोबाइल फोन एवं 01 पर्स भी जप्त किया गया। वहीं परिवहन में प्रयुक्त 01 ट्रक, 02 पिकअप वाहन, 02 कार एवं 01 मोटरसाइकिल को भी विधिवत जप्त कर लिया गया है। सभी जब्त सामग्रियों को थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है।
इस सफल अभियान का नेतृत्व गरखा थाना के थानाध्यक्ष ने किया। छापेमारी एवं जब्ती की इस कार्रवाई में गरखा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संबंध में गरखा थाना कांड संख्या–02/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है तथा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।



