छपरा, 2 अगस्त 2025 – बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “नया सवेरा” के तहत सारण पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। आज सुबह-सुबह की गई छापेमारी में, पुलिस ने विभिन्न आर्केस्ट्रा से 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद 31 जुलाई से 14 अगस्त तक ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो के पत्र के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सहाजितपुर और बनियापुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर जबरन आर्केस्ट्रा में नचाई जा रहीं 9 नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया। इन लड़कियों में 4 पश्चिम बंगाल, 1 उत्तर प्रदेश, 2 बिहार और 2 नेपाल की थीं।
इस मामले में, दो महिला आर्केस्ट्रा संचालिका और उनके एक सहयोगी रौशन कुमार कर्ण को गिरफ्तार किया गया है। महिला थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
‘आवाज दो’ अभियान का असर
सारण पुलिस मई 2024 से लगातार “आवाज दो” अभियान चला रही है, जिसके तहत अब तक कुल 203 लड़कियों को देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 25 मामले दर्ज किए गए हैं और 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर आपके आस-पास कोई महिला या लड़की ऐसी समस्या से जूझ रही है, तो ‘आवाज दो’ हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर संपर्क कर जानकारी दें।
छापेमारी दल में शामिल सदस्य:
* महिला, सहाजितपुर और बनियापुर थाने के थानाध्यक्ष व अन्य कर्मी।
* मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सदस्य।
* रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के सदस्य।
* नारायणी सेवा संस्थान, सारण के सदस्य।
* रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन, पश्चिम बंगाल के सदस्य।