पटना। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई देते हुए इसे भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का एक अद्वितीय क्षण बताया है। संस्था ने अपने आधिकारिक पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा है कि वर्ष 1947 से 2025 तक देश में कोई भी सार्वजनिक प्रतिनिधि इतने लंबे समय तक और लगातार दस बार किसी राज्य का नेतृत्व करने के लिए शपथ नहीं ले पाया है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत तौर पर उल्लेखनीय है, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
पत्र में कहा गया है कि दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना आपके अटूट समर्पण, निरंतर प्रयास, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता द्वारा आप में जताए गए विश्वास का जीता-जागता प्रमाण है। शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बना दिया है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने अपने संदेश में यह भी संसूचित किया है कि इस असाधारण उपलब्धि के सम्मान में संस्था औपचारिक रूप से श्री नीतीश कुमार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में दर्ज करते हुए उन्हें आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान करेगी। संस्था ने कहा है कि वह इस ऐतिहासिक उपलब्धि को मान्यता देने में स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती है।
ज्ञात हो कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन विश्व स्तर की अग्रणी संस्था है, जो असाधारण उपलब्धियों, विश्व रिकॉर्डों और विशेष योगदानों का सम्मान करने के लिए जानी जाती है। यह संस्था दुनिया भर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों की उल्लेखनीय उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को दर्ज करती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिली यह अंतरराष्ट्रीय बधाई एक बार फिर बिहार के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बनी है।



