पटना, 30 जुलाई 2025 — विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर आज सरदार पटेल भवन, पुलिस मुख्यालय बिहार में आयोजित एक समारोह में सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष को पुलिस महानिदेशक, बिहार विनय कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान सारण जिला पुलिस द्वारा पिछले एक वर्ष में मानव तस्करी के खिलाफ किए गए उत्कृष्ट कार्यों और “आवाज़ दो” मुहिम के माध्यम से बाल एवं महिला अपराधों पर लगाम लगाने व जागरूकता फैलाने हेतु प्रदान किया गया। इस मौके पर कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी और विभिन्न जिलों व संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
अभियान के ऐतिहासिक परिणाम
पिछले एक वर्ष में, सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बालिकाओं/महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, यौन उत्पीड़न, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, साइबर ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलीइंग, और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ एक अभूतपूर्व और सफल अभियान चलाया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से प्राप्त सूचनाओं, जिला पुलिस द्वारा शुरू की गई “आवाज़ दो” हेल्पलाइन, और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के सहयोग से सारण पुलिस के अथक प्रयासों ने उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं।
उपलब्धियां एक नज़र में (मई 2024 – जुलाई 2025):
* कुल मुक्त कराई गई बालिकाएं: 191 नाबालिग बालिकाएं विभिन्न नृत्य मंडलों (ऑर्केस्ट्रा) और मानव तस्करी गिरोहों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराई गईं।
* कुल दर्ज प्राथमिकी (FIR): 24 मामले दर्ज किए गए।
* कुल गिरफ्तार अभियुक्त (तस्कर/शोषक): 69 कुख्यात तस्करों और शोषकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
* पुनर्वास: 50% से अधिक बालिकाओं का सफलतापूर्वक पुनर्वास कराया गया।
“आवाज़ दो”: सारण की हर बेटी की सुरक्षा का संकल्प
सारण पुलिस ने बाल/महिला हिंसा, उत्पीड़न, साइबर ब्लैकमेलिंग और साइबर बुलीइंग जैसे आधुनिक अपराधों से बचाने तथा नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना जागृत करने हेतु अक्टूबर 2024 से अपनी महत्वाकांक्षी “आवाज़ दो” मुहिम शुरू की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9031600191 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से पीड़ित बालिकाएं और महिलाएं 24×7 अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं। इस हेल्पलाइन नंबर पर समस्या दर्ज करने वाली पीड़िताओं की पहचान गुप्त रखी जाती है।
“आवाज़ दो” मुहिम के तहत अब तक कुल 305 पीड़िताओं को सहायता प्रदान की गई है, 10 सोशल मीडिया अकाउंट्स रिकवर किए गए हैं, 25 फर्जी अकाउंट्स ब्लॉक कराए गए हैं, और 354 अपहृताओं को भी सकुशल बरामद किया गया है। जिला पुलिस की महिला पुलिस पदाधिकारियों द्वारा कॉलेजों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, और उन्हें हेल्पलाइन नंबर के बारे में सूचित किया जाता है।
जनता से सहयोग की अपील
सारण पुलिस इस महत्वपूर्ण अभियान में आम जनता से पूर्ण सहयोग की हार्दिक अपील करती है। पुलिस अनुरोध करती है कि बाल/महिला अपराध की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9031600191 के जरिए प्रदान करें। आपकी एक छोटी सी जानकारी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
बकौल एस एस पी डॉ० कुमार आशीष आइए, मिलकर एक ऐसा सारण बनाएं, जहाँ हर बेटी सुरक्षित हो और हर महिला सम्मान से जिए।