छपरा, 30 दिसंबर 2025। मानव तस्करी एवं शोषण के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सारण पुलिस ने राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान “ऑपरेशन नया सवेरा” अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सारण जिला को राज्य में प्रथम स्थान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार (भा.पु.से.) ने सराहनीय नेतृत्व, सतत निगरानी और प्रभावी कार्यकुशलता के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ कुमार आशीष (भा.पु.से.) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक चले विशेष अभियान के दौरान सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा/थिएटर समूहों में फंसी पीड़िताओं के विरुद्ध सघन और सुनियोजित कार्रवाई की। इस अभियान में ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश किया गया और 29 नाबालिग व बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से मुक्त कराया गया। साथ ही संगठित अपराध से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) ने सारण पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि जिले की पुलिस आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के संरक्षण, कमजोर वर्गों की सुरक्षा तथा संगठित अपराधों के उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
यह सम्मान सारण पुलिस के टीम वर्क, प्रभावी नेतृत्व और समाज के प्रति अटूट समर्पण का प्रमाण है। बिहार पुलिस कमजोर वर्गों के उत्थान और अपराध-मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर संकल्पबद्ध है।



