छपरा। बिहार इप्टा के उपाध्यक्ष रमेश प्रसाद यादव की अध्यक्षता में सारण जिले में कार्यरत इप्टा इकाईयों की एक महत्वपूर्ण बैठक सुतिहार में सम्पन्न हुई। बैठक में बिहार इप्टा के कार्यवाहक महासचिव फ़ीरोज़ अशरफ़ खां, संयुक्त सचिव अजय कुमार अजय, राष्ट्रीय समिति सदस्य डॉ. अमित रंजन, राज्य कार्यकारिणी सदस्य भूपेश कुमार भीम एवं श्याम नारायण सिंह सहित जिले की विभिन्न इप्टा इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहें।
बैठक में इप्टा इकाईयों के संगठनात्मक और रचनात्मक स्थिति की समीक्षा की गई और छपरा इप्टा के लिए एक तदर्थ कमेटी का गठन किया गया। नवगठित तदर्थ कमेटी में शैलेन्द्र कुमार शाही को संयोजक, अमितेश को सह-संयोजक और सुरेन्द्र नाथ त्रिपाठी, रंजीत भोजपुरिया, लक्ष्मी कुमारी और सत्येन्द्र सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में गड़खा इप्टा की विशेष बैठक शीघ्र बुलाने का निर्णय लिया गया, जिसमें इकाई के सभी सदस्य भाग लेंगे। साथ ही, निर्णय लिया गया कि जिला की सभी इप्टा इकाईयाँ 30 जनवरी 2026 को महात्मा गाँधी के शहादत दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम ‘हे राम… बापू को बिहारी जन का सलाम’ का आयोजन करेगी और 15 मार्च 2026 तक वर्ष 2026 के लिए सदस्यता नवीकरण/नई सदस्यता का अभियान चलाकर अपना शाखा सम्मेलन कर लेगी। शाखा सम्मेलन के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा।



