छपरा, 9 मार्च। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना को लेकर सारण जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार से शहर के Bhikhari Thakur Auditorium में छह दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी Vaibhav Srivastava ने किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महापर्व है और यह सर्वोच्च राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लें ताकि फील्ड में काम करते समय किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना का मूल मंत्र है— कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं और किसी प्रकार का दोहराव न हो।
अप्रैल–मई में होगा मकान सूचीकरण
डीएम ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जिसे अप्रैल और मई महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बनाए गए विशेष पोर्टल सीएमएमएस (CMMS) और एचएलबीसी (HLBC) के संचालन का प्रशिक्षण अधिकारियों को दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में मोबाइल ऐप के माध्यम से सेल्फ एन्यूमरेशन का भी प्रावधान है, जिसके जरिए नागरिक स्वयं अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
“डिजिटल बदलाव जनगणना के इतिहास में नया अध्याय”
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 1881 से शुरू हुई जनगणना की परंपरा में यह डिजिटल बदलाव एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए जीरो एरर डेटा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने एक मई से शुरू होने वाले फील्ड कार्य के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों की नियुक्ति का ब्लूप्रिंट पहले से तैयार रखने का निर्देश भी दिया।
9343 अधिकारी-कर्मी संभालेंगे जनगणना की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का परिचय देते हुए अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीआईओ Tarani Kumar ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए जिला स्तर पर District Level Census Coordination Committee (DLCCC) का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 9343 अधिकारी और कर्मी जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे, जिनमें प्रखंड और नगर निकाय स्तर के चार्ज अधिकारी, प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हैं।
लाइव डेमो से सीखा डिजिटल सिस्टम
प्रशिक्षण के दौरान पटना से आईं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर Aditi Anand और Julie Kumari ने सीएमएमएस पोर्टल और हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्माण का लाइव डेमो दिया। अधिकारियों को कंप्यूटर और लैपटॉप पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया तथा तकनीकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
सत्र समाप्ति के बाद प्रतिभागियों की ऑनलाइन परीक्षा और क्षमता मूल्यांकन भी किया गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक सह सीसीएलआर सदर Alok Raj ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता Mukesh Kumar ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस मौके पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
न्यूमेरिक्स (मानव संसाधन तैनाती)
जिला स्तरीय अधिकारी – 11
अनुमंडल पदाधिकारी – 03
प्रखंड चार्ज अधिकारी – 20
सहायक प्रखंड चार्ज अधिकारी – 20
अतिरिक्त प्रखंड चार्ज अधिकारी – 20
नगर निकाय चार्ज अधिकारी – 10
प्रतिबंधित व विशेष क्षेत्र चार्ज अधिकारी – 10
जिला व प्रखंड स्तर के कर्मी – 128
ग्रामीण क्षेत्र प्रगणक – 6835
शहरी क्षेत्र प्रगणक – 927
सुपरवाइजर – 1293



