छपरा 3 फरवरी 2026। जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने आज दिनांक 03.02.2026 को रिविलगंज नगर पंचायत अंतर्गत सेंगर टोला में किसानों के लिए आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री (Farmer Registry) निर्माण शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने रजिस्ट्री आईडी निर्माण से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अंचलाधिकारी, रिविलगंज सहित शिविर में प्रतिनियुक्त सभी संबंधित सर्वे टीम एवं कृषि विभाग के कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण की प्रक्रिया में और अधिक तेजी एवं पारदर्शिता लाई जाए, ताकि अधिकतम किसान समय पर योजना का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान और सुविधाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिएइसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन के इस सक्रिय हस्तक्षेप से शिविर में मौजूद किसानों में भरोसा बढ़ा और कार्य में गति आने की उम्मीद जगी।



