छपरा, 6 अगस्त 2025: सारण में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से संभावित खतरे को देखते हुए, जिलाधिकारी अमन समीर के निर्देश पर बुधवार को भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) धनंजय त्रिपाठी ने सारण तटबंध और रिंग बांध के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
डीसीएलआर मढ़ौरा और तरैया प्रखंड के वरीय प्रभारी धनंजय त्रिपाठी ने तटबंधों की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर की निगरानी करने के साथ ही रिंग बांध के निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता की भी जाँच की।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर तरैया के अंचलाधिकारी (सीओ) पंकज कुमार सिंह और राजस्व कर्मचारी बद्री विशाल मिश्रा समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। यह निरीक्षण बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों का हिस्सा है ताकि तटबंधों को सुरक्षित रखा जा सके।