मकर संक्रांति पर सारण बनेगा लोकसंस्कृति, कला और परंपरा का जीवंत उत्सव!
पतंगों से सजेगा आसमान, कला-संस्कृति से महकेगा सारण
छपरा, 09 जनवरी। कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत को जीवंत करने के उद्देश्य से कला संस्कृति विभाग, बिहार के सौजन्य से जिला प्रशासन, सारण द्वारा आगामी 14 जनवरी को भव्य मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन छपरा में तथा परसादी महोत्सव का आयोजन परसा प्रखंड के परसौना में किया जाएगा।
मकर संक्रांति महोत्सव के अवसर पर छपरा के राजेन्द्र स्टेडियम में रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजेगा, जहां पतंगबाजी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होगी। वहीं, सुधा के माध्यम से आयोजित दही खाओ प्रतियोगिता लोगों में खासा उत्साह भर देगी।
कला प्रेमियों के लिए श्री भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, छपरा स्थित आर्ट गैलरी में “लोक संस्कृति के संग” थीम पर भव्य कला प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में भोजपुरी पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग, टिकुली आर्ट, सिक्की आर्ट सहित समसामयिक चित्रकला के अनूठे रंग देखने को मिलेंगे।
उधर, परसादी महोत्सव के तहत परसौना में पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया जाएगा, जो ग्रामीण लोकसंस्कृति की आत्मीय झलक प्रस्तुत करेगा।
दोनों महोत्सवों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को जनसहभागिता, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने पर विशेष बल दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), जिला कला संस्कृति पदाधिकारी तथा नजारत उपसमाहर्त्ता उपस्थित रहे।
मकर संक्रांति पर सारण बनेगा लोकसंस्कृति, कला और परंपरा का जीवंत उत्सव



