छपरा, 24 अक्टूबर 2025। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सारण अमन समीर ने आज बाजार समिति, छपरा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी, नगर आयुक्त छपरा तथा भवन प्रमंडल एवं पुल निर्माण निगम के अभियंता मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने परिसर में बड़ी संख्या में निजी वाहनों के आवागमन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि बाजार समिति के मुख्य व पीछे के प्रवेश द्वार पर आज ही ड्रॉप गेट लगाए जाएं तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी आदेश दिया गया कि कल से मतगणना प्रक्रिया की समाप्ति तक परिसर में निजी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और परिसर में संचालित सभी अन्य गतिविधियों पर अस्थाई रोक लगाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परिसर से जलजमाव को पूरी तरह हटाया जाए, सभी प्रकार के मलबे की सफाई कराई जाए तथा स्थल का समतलीकरण कार्य 30 अक्टूबर 2025 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं नगर निगम को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतगणना स्थल पर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



