HomeRegionalBiharCM ने प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की गोपालगंज से की शुरुआत,...

CM ने प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की गोपालगंज से की शुरुआत, लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गोपालगंज जिले से प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

पटना, 04 जनवरी 2025. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गोपालगंज जिले से प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 7169.080 लाख रुपये की लागत से 61 योजनाओं का उद्घाटन तथा 6733.670 लाख रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सात निश्चय के तहत 21.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिधवलिया गोपालगंज के प्रशासनिक भवन, कर्मशाला भवन, स्टाफ हॉस्टल, कैंटीन ब्लॉक, प्राचार्य आवास, उप प्राचार्य आवास, चाहरदीवारी, पहुंच पथ, स्थल विकास (वर्ष जल संचयन के साथ), फर्नीचर एवं फर्निशिंग कार्य से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने वर्कशॉप का मुआयना किया। मुख्यमंत्री ने वर्कशॉप में हैंड शीयरिंग मशीन, मेटल कटर मशीन, पिलर टाइप ड्रिल मशीन, सेंटर लेथ मशीन द्वारा किए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी ली। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोपालगंज के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास संबंधित शिलापट्टों का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि काफी सुंदर भवन बन गया है। इसका नियमित रूप से रख-रखाव होना चाहिए। यहां स्टाफ के आवासन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि पठन-पाठन का कार्य स-समय होता रहे। यहां विद्यार्थियों के लिए भी हर प्रकार की व्यवस्था उपलब्ध करायी गई है। विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु नई तकनीक संबंधित मशीनें लगाई गई हैं।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सिधवलिया प्रखंड के ग्राम पकड़ी के पोखरा टोला का भ्रमण कर कराए गए विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीर्णोद्धार कराए गए पकड़ी पोखर का मुआयना किया। मुआयना के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पकड़ी पोखर में सीढ़ीनुमा घाट का निर्माण कराएं, ताकि आसानी से लोगों की पहुंच पोखर के जल तक हो सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पकड़ी पोखर के समीप पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने वर्ष 2019 में जल-जीवन-हरियाली अभियान को शुरू कराया। इसके तहत सभी सार्वजनिक कुओं, तालाबों, पोखरों आदि के जीर्णोद्धार का काम प्रारंभ कराया गया। पकड़ी पोखर भी अच्छे ढंग से बन गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पकड़ी पोखर में मछली का जीरा एवं बत्तखों को छोड़ा। मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या-8 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत गोपालगंज जिले के कुल 1431 परिवारों को 4 करोड़ 31 लाख 11 हजार 755 रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान के सतह निर्मित 3 जलाशयों को विजयीपुर प्रखंड में जीविका संपोषित ग्राम संगठनों को अगले 5 वर्षों के लिए निःशुल्क आवंटन से संबंधित स्वीकृति पत्र जीविका दीदियों को प्रदान किया। 7050 जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 40280 जीविका दीदियों को बैंक लिंकेज के द्वारा आर्थिक सहयोग से संबंधित 141 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों को प्रदान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विशेष सहायता योजना के लाभुकों को मुख्यमंत्री ने सांकेतिक चेक प्रदान किया।

पकड़ी ग्राम में आयोजित जीविका दीदियों से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल हुए। जीविका दीदियों ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हो रही आमदनी एवं मिल रही सुविधाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रगट करते हुये कहा कि आप जीविका समूहों के माध्यम से हम सभी महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। इसके लिए हम सब आपको धन्यवाद देते हैं। जीविका से जुड़कर न सिर्फ हमारी आमदनी बढ़ी है बल्कि समाज में महिलाओं का मान-सम्मान भी बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने पकड़ी ग्राम के वार्ड संख्या-8 में सामुदायिक भवन सह पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन सह पुस्तकालय का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।

प्रगति यात्रा के क्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, सांसद डॉ० आलोक कुमार सुमन, विधान पार्षद प्रो० (डॉ०) वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, पूर्व विधायक मंजीत सिंह, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय कुंदन कृष्णन, अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा अमृत राज, सारण प्रमंडल के आयुक्त गोपाल मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक सारण प्रक्षेत्र निलेश कुमार, जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सी०एच०, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments