छपरा 02 जनवरी 2026। आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव ने आज शुक्रवार, 02 जनवरी 2026 को गत शुक्रवार 26 दिसंबर 2025 को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार के दौरान प्राप्त परिवादों की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने जनता दरबार में प्राप्त कुल 17 महत्वपूर्ण परिवादों पर संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों, क्षेत्रीय स्तर के अधिकारियों तथा संबंधित परिवादियों की उपस्थिति में—कुछ मामलों की भौतिक रूप से तथा कुछ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से—सुनवाई की।
सुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का स्पष्ट और कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल सुनवाई नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से लें, मौके पर जाकर आवश्यक जांच कराएं और निष्पादन की स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
जिला प्रशासन की इस पहल को जनहित में संवेदनशील एवं जवाबदेह शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जनता का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो रहा है।



