छपरा। होली के रंगों के बीच शांति और सौहार्द का संदेश देने के लिए आज सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखा। होली पर्व के मद्देनज़र जिलाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से मीडिया से संवाद किया।
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान अधिकारी द्वय ने सभी सारण जिला वासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि होली को शालीनता, सम्मान और सौहार्द के साथ मनाया जाए, ताकि किसी की भावना आहत न हो और पर्व की पवित्रता बनी रहे।
वैभव श्रीवास्तव, डीएम सारण
विनीत कुमार, एस एस पी, सारण
प्रशासन की विशेष अपील
- रंगों का प्रयोग मर्यादित और सुरक्षित तरीके से करें
- जबरन रंग लगाने या हुड़दंग से बचें
- अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी सूचना की पुष्टि करें
- शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
“रंगों में रहे सम्मान का संग”
अधिकारियों ने कहा कि होली का असली रंग तभी खिलता है जब उसमें आपसी विश्वास और सम्मान घुला हो। सारण की गंगा-जमुनी तहज़ीब को बनाए रखते हुए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएँ।
प्रशासन की यह पहल स्पष्ट संदेश देती है कि
रंगों का उत्सव हो, लेकिन कानून और मर्यादा की सीमा के भीतर।



