छपरा 19 दिसम्बर 2025। सारण पुलिस ने अपहरण जैसे संगीन अपराध में त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वरिय पुलिस अधीक्षक डॉ० कुमार आशीष ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर सजल कुमार के अपहरण कांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही हथियारों के साथ दबोच लिया गया। इस पूरे मामले में मुख्य सरगना समेत कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18.12.2025 को नगर थाना में दर्ज कांड संख्या 734/25 के तहत अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। 17 दिसंबर की रात हथियार के बल पर डॉक्टर सजल कुमार के अपहरण की गंभीर घटना को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और आसूचना के आधार पर SIT टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर पहले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अहम खुलासे हुए और हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम अभियुक्तों की निशानदेही पर भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पी.एन. सिंह कॉलेज के पीछे बगीचे में पहुंची। इसी दौरान अभियुक्तों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रंजन राय और सोनू राय के पैर में गोली लगी और दोनों घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।
आगे की कार्रवाई में घटना के मुख्य षड्यंत्रकर्ता डॉक्टर शिवनारायण एवं एक अन्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि अपहरण की साजिश फिरौती व हत्या की नीयत से रची गई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) स्वयं मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कांड में शामिल अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
बरामद सामान:
देशी कट्टा – 02, देशी पिस्टल – 01, जिंदा कारतूस – 02, खोखा – 05, मोबाइल फोन।
सारण पुलिस की इस साहसिक और सुनियोजित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आमजन में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।



