नई दिल्ली। खेल और खिलाड़ियों के लिए राजधानी दिल्ली से एक बड़ी सुखद ख़बर है। चिर प्रतीक्षित दिल्ली स्पोर्ट्स युनिवर्सिटी जल्द ही शुरु होने वाली है। जी हाँ यह जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने खुद ट्वीट कर दी है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी है कि दिल्ली की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी जल्द ही शुरू होने वाली है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इसकी पहली कुलपति ओलंपिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी होंगी। उन्होंने ट्वीट किया है कि दिल्ली स्पोर्ट्स युनिवर्सिटी जल्द शुरु हो रही है। हमारा बहुत बड़ा सपना पूरा हुआ। मुझे यह कहते हुए बेहद गर्व है कि ओलम्पिक पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी जी पहली कुलपति होंगीं। आज उनके साथ विस्तार से चर्चा हुई।
बताते चलें कि भारतीय महिला वेट लिफ्टर कर्णम मल्लेश्वरी ने 2000 सिडनी ओलंपिक में वेट लिफ्टिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उनका रिकॉर्ड अब भी बरकरार है, क्योंकि भारत की किसी भी महिला ने ओलंपिक में वेट लिफ्टिंग में मेडल नहीं जीता है। इसके अलावा मल्लेश्वरी को 1994 में अर्जुन पुरस्कार और 1999 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह 1999 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित की गईं थीं। मल्लेश्वरी अब एफसीआई में मुख्य महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।
इस मुलाकात के वक्त दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष शिशोदिया भी मौजूद रहे।