◆ घटना के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर है फरार
सारण : सारण के पानापुर थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव से शुक्रवार को पुलिस ने पंखे से लटकता एक नवविवाहिता का शव बरामद किया है। ऐसी आशंका है कि ससुराल वालों ने नवविवाहिता की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया है। मृतका पृथ्वीपुर गांव निवासी दीपक कुमार सिंह की 23 वर्षीया पत्नी काजल कुमारी बताई जाती है। जिसकी इसी माह की 2 तारीख को शादी हुई थी।
बताया जाता है कि पुलिस को शुक्रवार की अहले सुबह सूचना मिली कि पृथ्वीपुर गांव में एक महिला की रहस्यमय मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पृथ्वीपुर गांव पहुँचे जहां मृतिका का शव पंखे से लटका हुआ था वही उसके दोनो हाथ के नस कटे हुए थे। वही मृतिका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार थे। थानाध्यक्ष ने मृतिका के पिता मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थानांतर्गत सेमरा निजामत गांव निवासी महेश सिंह को सूचना दी एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवाया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतिका के परिजनों द्वारा दिये जाने वाले आवेदन के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।